वरिष्ठ पत्रकार कैलाश सिंह की पत्नी प्रतिमा सिंह का निधन, पत्रकारों व शुभचिंतकों में शोक की लहर

दीपक श्रीवास्तव 
वरिष्ठ पत्रकार कैलाश सिंह की पत्नी प्रतिमा सिंह का निधन, पत्रकारों व शुभचिंतकों में शोक की लहर
जौनपुर। वरिष्ठ पत्रकार कैलाशनाथ सिंह की धर्मपत्नी प्रतिमा सिंह का सोमवार सुबह हृदयाघात (हार्ट अटैक) से निधन हो गया। वह पिछले तीन महीनों से लीवर की बीमारी से पीड़ित थीं और उनका उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा था। उनके निधन की सूचना मिलते ही पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, राजनीतिक प्रतिनिधियों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार, चिकित्सकों की सलाह पर सोमवार को उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ स्थित मैक्स हॉस्पिटल ले जाने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान अचानक उन्हें हार्ट अटैक आया। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
निधन की खबर मिलते ही लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मातापुर स्थित उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। पत्रकारों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने पहुंचकर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
दोपहर करीब 1:30 बजे रामघाट पर पूरे वैदिक रीति-रिवाज के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र रोहित रघुवंशी ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और शुभचिंतक उपस्थित रहे तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
प्रतिमा सिंह के निधन से उनके परिवार के साथ-साथ पत्रकारिता जगत में भी गहरा शोक व्याप्त है। लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ