दीपक श्रीवास्तव
जौनपुर जिला अस्पताल की लिफ्ट एक महीने से बंद, बुजुर्ग-दिव्यांग व गंभीर मरीजों की बढ़ी मुश्किलें
जौनपुर,04 जुलाई। यूपी के उमानाथ सिंह जिला चिकित्सालय में पिछले लगभग एक महीने से लिफ्ट बंद होने के कारण मरीजों और उनके तीमारदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत बुजुर्गों, दिव्यांगों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को हो रही है, जिन्हें अस्पताल की पहली और दूसरी मंजिल तक पहुंचने के लिए सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ रहा है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, लिफ्ट का संचालन लो वोल्टेज और तकनीकी खराबी के कारण प्रभावित हुआ है। हालांकि, मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि इतनी महत्वपूर्ण सुविधा लंबे समय से बंद रहने के बावजूद इसे जल्द बहाल करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।
जिला अस्पताल की पहली और दूसरी मंजिल पर ओपीडी, वार्ड और अन्य जरूरी विभाग संचालित होते हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। वर्ष 1998 में निर्मित इस अस्पताल में गंभीर मरीजों को वार्ड और ऑपरेशन थिएटर तक आसानी से पहुंचाने के उद्देश्य से लिफ्ट लगाई गई थी, लेकिन वर्तमान में इसके बंद होने से यह सुविधा पूरी तरह ठप पड़ी है।
लिफ्ट बंद होने के कारण कई बार तीमारदारों को मरीजों को गोद में या कंधे पर उठाकर सीढ़ियों से ऊपर ले जाना पड़ रहा है। अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन करीब 900 से 1200 मरीज पहुंचते हैं, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है। मरीजों और तीमारदारों ने अस्पताल प्रशासन से लिफ्ट को तत्काल चालू कराने की मांग की है, ताकि गंभीर मरीजों को राहत मिल सके और इलाज में किसी प्रकार की देरी न हो।इस संबंध में शनिवार को जानकारी लेने पर
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने बताया कि लिफ्ट में तकनीकी खराबी आई है। इसे ठीक कराने के लिए कार्यदायी संस्था से लगातार संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही खराबी दूर कर लिफ्ट का संचालन शुरू करा दिया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें