जौनपुर में टीईटी का अंतिम दिन, 9584 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल

दीपक श्रीवास्तव 
जौनपुर में टीईटी का अंतिम दिन, 9584 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल 
प्रवेश से पहले जूते-मोजे उतरवाकर, बेल्ट-घड़ी हटवाकर गहन चेकिंग

जौनपुर में तीन दिवसीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) गुरुवार, 2 जुलाई से शुरू हुई। परीक्षा का अंतिम दिन शुक्रवार, 4 जुलाई को था, जिसमें 9584 अभ्यर्थी शामिल हुए। यह परीक्षा जिले के कुल 23 केंद्रों पर आयोजित की गई।
इस तीन दिवसीय परीक्षा में कुल 56,882 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। नकल रोकने और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। इसमें जूते-मोजे उतरवाए गए और शर्ट की बाहें व कॉलर खोलकर जांच की गई। पानी की बोतल ले जाने से पहले उसके रैपर को भी हटाकर जांच की गई।
प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए विस्तृत योजना तैयार की थी। परीक्षा 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियों में आयोजित की गई, जबकि 4 जुलाई को केवल एक पाली थी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शुरू हुई।
जिलाधिकारी ने परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है, और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए। परीक्षा के सुचारु एवं निष्पक्ष संचालन के लिए 23 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 23 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 5 आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट और 8 आरक्षित स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे।
जिलाधिकारी ने केंद्र अधीक्षकों को उनके दायित्वों और जिम्मेदारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर आयोग द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के साथ-साथ अभ्यर्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना केंद्र अधीक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ