जौनपुर पुलिस ने 151 गुमशुदा मोबाइल बरामद किए

दीपक श्रीवास्तव 
जौनपुर पुलिस ने 151 गुमशुदा मोबाइल बरामद किए
कीमत 32 लाख रुपये, अन्य जिलों-राज्यों से मिले


जौनपुर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शनिवार की दोपहर 1:30बजे एक प्रेस वार्ता करते हुए 151 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत लगभग 32 लाख रुपये है। इन मोबाइलों को उनके मालिकों को सौंपा गया । इस कार्रवाई के साथ, सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि जौनपुर पुलिस ने  अब तक कुल 1791 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है, जिनकी कुल कीमत लगभग 3 करोड़ 60 लाख रुपये है।
शनिवार को 151 मोबाइल फोन जनपद जौनपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों जैसे आजमगढ़, वाराणसी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़ और भदोही से बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त, कुछ मोबाइल फोन दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान जैसे अन्य राज्यों से भी मिले हैं।
गुमशुदा मोबाइलों की बरामदगी CEIR पोर्टल पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों के आधार पर की गई। बरामद किए गए मोबाइलों में मुख्य रूप से वन प्लस, वीवो, रेडमी, ओप्पो, रियलमी, टेक्नो, पोको, नोकिया और सैमसंग जैसी कंपनियों के हैंडसेट शामिल हैं।
अपने खोए हुए मोबाइल फोन वापस मिलने पर सभी स्वामियों ने प्रसन्नता व्यक्त की और जौनपुर पुलिस का आभार जताया। सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने  जनता से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तुरंत गुमशुदगी दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर शिकायत करें।
साइबर अपराधों से बचाव के लिए जन-जागरूकता और सतर्कता सबसे प्रभावी उपाय हैं। यदि कोई व्यक्ति साइबर अपराध का शिकार होता है, तो उसे तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर ऑनलाइन शिकायत करनी चाहिए, या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। वैकल्पिक रूप से, नजदीकी थाने की साइबर हेल्पडेस्क पर पहुंचकर लिखित शिकायत भी करनी चाहिए।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ