राम मंदिर चंदा चोरी मामले में सपा विधायक रागिनी सोनकर का हमला, बोलीं- 'मुख्य आरोपियों को बचाने की कोशिश हो रही'

दीपक श्रीवास्तव 
राम मंदिर चंदा चोरी मामले में सपा विधायक रागिनी सोनकर का हमला, बोलीं- 'मुख्य आरोपियों को बचाने की कोशिश हो रही'

जौनपुर,28 जून,। अयोध्या स्थित राम मंदिर चंदा चोरी प्रकरण में आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद एसआईटी की कार्रवाई तेज हो गई है। टीम लगातार आरोपितों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इस बीच मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने रविवार को इस मामले की जांच को लेकर प्रदेश सरकार और एसआईटी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
रागिनी सोनकर ने कहा कि वह इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का धन्यवाद करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले को उठाने के कारण अखिलेश यादव के परिवार, विशेषकर उनकी बेटी और माता के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की गईं, जबकि भाजपा खुद को महिला सम्मान की बात करने वाली पार्टी बताती है।
एसआईटी जांच पर सवाल उठाते हुए विधायक ने कहा कि यदि जांच निष्पक्ष तरीके से नहीं होगी तो सच्चाई सामने कैसे आएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में बैठे लोग ही जांच करा रहे हैं और ऐसे में निष्पक्षता पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।
उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में भगवान श्रीराम के प्रति आस्था है तो मामले में जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। विधायक ने आरोप लगाया कि जांच के दौरान मुख्य आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है और जांच सही दिशा में नहीं बढ़ रही है।
गौरतलब है कि राम मंदिर चंदा चोरी प्रकरण में मुकदमा दर्ज होने के बाद एसआईटी लगातार कार्रवाई कर रही है और आरोपितों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही है। वहीं, इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ