दीपक श्रीवास्तव
राम मंदिर दान प्रकरण पर भाजपा को घेरा, जौनपुर की तीन सीटों पर कांग्रेस ने जताई दावेदारी : नदीम जावेद
जौनपुर। कांग्रेस के पूर्व विधायक नदीम जावेद ने राम मंदिर दान प्रकरण को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। पीटीआई से विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे और दान से जुड़े मामलों की पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि दान राशि के दुरुपयोग की आशंकाओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
नदीम जावेद ने कहा कि भगवान राम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और श्रद्धालु विश्वास के साथ मंदिरों में दान करते हैं। ऐसे में दान और चढ़ावे के प्रबंधन के लिए एक पारदर्शी ट्रस्ट व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे जनता को यह जानकारी मिल सके कि धन कहां से आया और उसका उपयोग कहां किया गया।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के तहत मजबूती से चुनावी तैयारी कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के 218 विधानसभा क्षेत्रों में गठबंधन को बढ़त मिली थी, जो आगामी चुनावों के लिए सकारात्मक संकेत है।
जौनपुर की राजनीति पर बोलते हुए नदीम जावेद ने कहा कि कांग्रेस जिले की तीन विधानसभा सीटों पर दावेदारी कर रही है। हालांकि अंतिम फैसला गठबंधन और पार्टी नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि कम से कम दो सीटों पर कांग्रेस के चुनाव लड़ने की संभावना मजबूत है।
राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का प्रमुख चेहरा बताते हुए उन्होंने कहा कि देशभर में उनकी स्वीकार्यता बढ़ी है। वहीं प्रियंका गांधी की भूमिका पर उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व जल्द ही उन्हें नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंप सकता है।
उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर उन्होंने कहा कि गठबंधन में समाजवादी पार्टी सबसे बड़ी सहयोगी पार्टी है, इसलिए स्वाभाविक रूप से मुख्यमंत्री पद का दावा भी उसी का मजबूत रहेगा।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें