चार वर्षीय मासूम का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका; पुलिस ने गठित की टीमें

दीपक श्रीवास्तव 
चार वर्षीय मासूम का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका; पुलिस ने गठित की टीमें
जौनपुर,29 जून। यूपी के जौनपुर में जफराबाद थाना क्षेत्र के धनेजा गांव में सोमवार को चार वर्षीय मासूम बच्ची का शव झाड़ियों में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। परिजनों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। बच्ची अपनी मां के साथ एक रिश्तेदार के यहां निमंत्रण में गई थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बाद में गांव के समीप झाड़ियों में उसका खून से लथपथ शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही जफराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।
इस मामले पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि डायल-112 पर सूचना मिली थी कि चार वर्षीय बालिका लापता है। पुलिस और परिजनों द्वारा खोजबीन के दौरान बच्ची मृत अवस्था में मिली। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है तथा ग्रामीण दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ