जौनपुर की तीन विधानसभा सीटों पर कांग्रेस उतारेगी प्रत्याशी, कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा : नदीम जावेद

दीपक श्रीवास्तव 
जौनपुर की तीन विधानसभा सीटों पर कांग्रेस उतारेगी प्रत्याशी, कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा : नदीम जावेद
जौनपुर। कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक नदीम जावेद ने दावा किया है कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जौनपुर की नौ विधानसभा सीटों में से कम से कम तीन सीटों पर कांग्रेस अपने प्रत्याशी उतारेगी। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन प्रदेश में मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगा और सरकार बनाने में सफल होगा।
मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में नदीम जावेद ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार हत्या, बलात्कार और अन्य गंभीर अपराधों के मामलों में उत्तर प्रदेश की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उनका आरोप था कि प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार बढ़ रहा है, जबकि युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं।
उन्होंने खेतासराय क्षेत्र के चर्चित दूल्हा हत्याकांड का उल्लेख करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही बक्सा थाना क्षेत्र के कौली गांव और केराकत क्षेत्र में हुई हत्या की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अपराध की बढ़ती घटनाएं आम लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा कर रही हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
नदीम जावेद ने अयोध्या में राम मंदिर के दानपात्र से कथित चोरी की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि मामले का शीघ्र खुलासा होना चाहिए, ताकि लोगों का विश्वास बना रहे।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर मैदान में उतरेगा और प्रदेश की जनता बदलाव के पक्ष में फैसला करेगी।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा, शहर अध्यक्ष आरिफ खान, प्रदेश सचिव सत्यवीर सिंह, राजकुमारी मिश्रा, राजकुमार गुप्ता, लाल प्रकाश पाल, देवराज पांडेय, जैनब हैदर, शाहनवाज मंजूर, मोहम्मद सलीम सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ