दीपक श्रीवास्तव
शादी की खुशियां मातम में बदलीं डीजे विवाद में घायल विवाहिता की इलाज के दौरान मौत,पुलिस जांच में जुटी
छोटी बहन की शादी में शामिल होने मायके आई थी गुंजन
जौनपुर,29 जून। यूपी के जौनपुर स्थित सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के सिंगरामऊ कस्बे में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब डीजे बंद कराने को लेकर हुए विवाद में घायल हुई विवाहिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। मृतका की छोटी बहन की शादी 1 जुलाई को होनी थी। सिंगरामऊ निवासी मुन्नीलाल खरवार की पुत्री गुंजन (33) की शादी वर्ष 2011 में बदलापुर थाना क्षेत्र के घनश्यामपुर निवासी कमलेश प्रजापति से हुई थी। वह अपने दो बच्चों के साथ सूरत से मायके आई थीं, जहां छोटी बहन की शादी की तैयारियां चल रही थीं। घर में मांगलिक आयोजन के कारण डीजे लगा हुआ था सोमवार देर रात डीजे बंद कराने को लेकर पड़ोसियों के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान छत से फेंकी गई ईंट गुंजन के सिर में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल सिंगरामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सुनील चंद्र तिवारी, तहसीलदार बदलापुर और सिंगरामऊ थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस संबंध में सोमवार को जानकारी लेने पर
क्षेत्राधिकारी सुनील चंद्र तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिय भेजा गया है।घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें