दीपक श्रीवास्तव
जौनपुर में पीएम मोदी की 'मन की बात' का सीधा प्रसारण
मंत्री ने बताया प्रेरणादायक
जौनपुर,31 मई। यूपी के जौनपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने 'मन की बात' कार्यक्रम के 134वें एपिसोड में देश को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों के गांवों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों की चर्चा की और उन्हें प्रोत्साहित किया। इसी कड़ी में, जौनपुर जनपद में भी प्रधानमंत्री के 'मन की बात' का सीधा प्रसारण किया गया।
जौनपुर में इस लाइव प्रसारण के दौरान बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के नेता, मंत्री, विधायक, समाजसेवी संगठनों के सदस्य और आम जनता उपस्थित रही। सभी ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम के उपरांत, खेलकूद कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री के 'मन की बात' के 134वें एपिसोड से जुड़े। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि इस बार जौनपुर भी इस एपिसोड से जुड़ा, जो गर्व की बात है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत की प्राचीनतम चीजों, देश के युवाओं और नदियों के बारे में भी बात की, जो सभी के लिए प्रेरणादायक हैं।
गिरीश चंद्र यादव ने आगे कहा कि वे इन प्रेरणादायक बातों को अपने जीवन में उतारकर जनता के बीच ले जाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हालांकि इस बार जनपद के किसी व्यक्ति की बात नहीं हो सकी, लेकिन जौनपुर का इस कार्यक्रम में शामिल होना हम सभी के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रागिनी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम हमेशा राष्ट्र भावना से ओतप्रोत होता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री हमेशा स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग पर बल देते हैं।
बदलापुर के विधायक रमेश मिश्रा ने बताया कि वे हर रविवार को प्रधानमंत्री की 'मन की बात' सुनते हैं और उनकी बातों से सीख व प्रेरणा लेते हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश के कोने-कोने में ऐसे बहुत से लोगों से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है, जिन्हें अन्यथा हम नहीं जान पाते।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें