इंद्रजीत मौर्य/दीपक श्रीवास्तव
नशीली दवाओं के खेल में लिप्त मेडिकल एजेंसी सील, तीन दवाओं के नमूने जांच को भेजे
जौनपुर, 11 फरवरी । यूपी के जौनपुर में नशीली दवाओं के बड़े कारोबार का खुलासा होने के बाद जिला औषधि निरीक्षक ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बरसठी रोड, रामपुर स्थित गुप्ता मेडिकल एजेंसी को बुधवार को सील कर दिया। जांच के दौरान फर्म में गंभीर अनियमितताएं और एनडीपीएस दवाओं के रिकॉर्ड में भारी गड़बड़ी पाई गई। इस मामले में जानकारी देते हुए
जिला औषधि निरीक्षक रजत कुमार पांडेय ने बताया कि यह कार्रवाई भदोही के औषधि निरीक्षक से प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। औचक निरीक्षण में फर्म संचालक एनआरएक्स पुरोसविंन स्पास कैप्सूल की खरीद-बिक्री का कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। दस्तावेजों के अभाव को गंभीर लापरवाही मानते हुए दुकान को मौके पर ही सील कर दिया गया।
औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 की धारा 22(1)(d) के तहत कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध दवाओं के नमूने लेकर राजकीय प्रयोगशाला, लखनऊ भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद फर्म के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के बाद जिले में दवा कारोबारियों में हड़कंप मचा है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें