दीपक श्रीवास्तव
पुलिस मुठभेड़ में अंतर्जनपदीय गौ-तस्कर गिरफ्तार, एक फरार
जौनपुर, 10 फरवरी । यूपी के जौनपुर स्थित सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में अंतर्जनपदीय गौ-तस्करी में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी सदर देवेश कुमार सिंह ने बताया कि
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के निर्देशन में सरायख्वाजा पुलिस टीम पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पास संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद पिकअप पर सवार दो संदिग्धों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया।
पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम को अवगत कराया गया। भागते समय देवकली नहर पुलिया के पास बदमाशों की पिकअप अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। पुलिस से घिरने पर आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने भी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।
घायल बदमाश की पहचान मोहम्मद सलमान पुत्र मेराज, निवासी ग्राम माहुल, थाना अहरौला, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। वहीं, दूसरा अभियुक्त मोनू बघेल पुत्र अशोक कुमार, निवासी रामनगर, थाना अखंडनगर, जनपद सुल्तानपुर, मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें