दीपक श्रीवास्तव
लखनऊ कांग्रेसियों पर लाठीचार्ज के विरोध में जौनपुर में कांग्रेस का गांधी प्रतिमा के समक्ष धरना-प्रदर्शन
जौनपुर, 19 फरवरी। यूपी के जौनपुर में लखनऊ में शांतिपूर्ण विधानसभा घेराव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को जौनपुर में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की निंदा की।
धरना को संबोधित करते हुए डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में मनरेगा बहाली की मांग को लेकर किए जा रहे शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनसमस्याओं से ध्यान हटाने के लिए आंदोलनों को दबाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, बढ़ती बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार को घेरा। कहा कि मजदूरों और किसानों के हितों की अनदेखी की जा रही है तथा शासन-प्रशासन मनमाने ढंग से कार्य कर रहा है। मनरेगा मजदूरों के अधिकारों की बहाली की मांग दोहराते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान ने लाठीचार्ज की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों, मजदूरों और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगी।
धरना-प्रदर्शन में प्रदेश सचिव सत्यबीर सिंह, जिला उपाध्यक्ष देवराज पांडेय, शेर बहादुर सिंह, विनय तिवारी, राकेश सिंह डब्बू, लाल प्रकाश पाल, अरुण शुक्ला, इरशाद खान, एनएसयूआई शहर अध्यक्ष अमन सिंहा, रोहित पांडेय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें