दीपक श्रीवास्तव
जौनपुर में नालियों की सफाई का अभियान शुरू
नगर पालिका ने ओलंदगंज से रुहट्टा तक चलाया बृहद अभियान
जौनपुर नगर पालिका परिषद ने शहर में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए एक व्यापक अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत, शहर की बंद पड़ी नालियों की बड़े पैमाने पर सफाई कराई जा रही है।
सफाई निरीक्षक विजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में यह अभियान ओलंदगंज से पॉलिटेक्निक चौराहा, काली कुट्टी, नईगंज और रुहट्टा जैसे विभिन्न मोहल्लों में चलाया गया। नाला गैंग के कर्मचारियों को लगाकर नालियों की गहन सफाई सुनिश्चित की गई। स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका के इस प्रयास की सराहना की।
सफाई निरीक्षक विजय श्रीवास्तव ने बताया कि यह अभियान सरकार की मंशा के अनुरूप नगर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए चलाया जा रहा है और यह समय-समय पर जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे भी इस स्वच्छता अभियान में सहयोग करें, कूड़ा समय पर बाहर निकालें और सड़कों पर न फेंकें ताकि स्वच्छता बनी रहे।
सफाई इंचार्ज अरविंद सिंह ने जानकारी दी कि वे अपने क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों में नियमित रूप से सफाई करवाते रहते हैं। यदि कहीं कोई शिकायत मिलती है, तो तुरंत मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों को लगाकर सफाई कराई जाती है।
अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि सरकार की मंशा के अनुसार नगर में हर तरफ सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। कर्मचारी लगातार क्षेत्र में रहकर सफाई करते रहते हैं। जहां कहीं भी कूड़े के ढेर, नालियों से पानी निकलने या किसी अन्य प्रकार की शिकायत मिलती है, तो मौके पर जाकर जांच की जाती है और त्वरित कार्रवाई कराई जाती है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें