बजट गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण को समर्पित है: रमेश मिश्रा

दीपक श्रीवास्तव 

बजट गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण को समर्पित है: रमेश मिश्रा 

अवधी में बजट पर बोले विधायक, बदलापुर की समस्याओं को सदन में उठाया
लखनऊ/जौनपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के आठवें दिन की कार्यवाही में बदलापुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए विधायक ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तुत बजट पर चर्चा में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने अवधी भाषा में अपना वक्तव्य देते हुए प्रदेश सरकार के बजट का समर्थन किया और इसे देश का सबसे बड़ा एवं विकासोन्मुख बजट बताया।
विधायक ने कहा कि यह बजट गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण को समर्पित है। उन्होंने जनसहभागिता के माध्यम से बदलापुर विधानसभा क्षेत्र में पीली नदी के जीर्णोद्धार कार्य का उल्लेख करते हुए सदन को बताया कि इससे क्षेत्र में जल संरक्षण और सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिली है।
उन्होंने यह भी अवगत कराया कि जौनपुर जिला मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, कृषि सम्मान निधि और आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अग्रणी रहा है। इससे जिले के हजारों लाभार्थियों को सीधा लाभ मिला है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिला है।
विधायक ने अपने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को भी सदन के समक्ष रखा। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-731 को मिरशादपुर से तेजीबाजार होते हुए मछलीशहर तक सुदृढ़ और विकसित किए जाने की मांग की। इसके अतिरिक्त सिंगरामऊ से पुरालाल तथा बाबूगंज से पृथ्वीगंज मार्ग के चौड़ीकरण की आवश्यकता पर जोर दिया। बाबूगंज में विद्युत उपकेंद्र की स्थापना, महराजगंज को नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने तथा सिंगरामऊ को ब्लॉक बनाए जाने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई।
उन्होंने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। अंत में उन्होंने प्रदेश सरकार के बजट को सर्वसमावेशी बताते हुए उसके समर्थन की घोषणा की और विश्वास जताया कि यह बजट उत्तर प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ