दीपक श्रीवास्तव
206 केंद्रों पर बुधवार से यूपी बोर्ड परीक्षा शुरु, नकल पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी : जिलाधिकारी
जौनपुर,17 फरवरी। यूपी के जौनपुर में 18 फरवरी से शुरू हो रही यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस संबंध में पूर्व में अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।इस संबंध में मंगलवार को जानकारी देते हुए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार जनपद के कुल 206 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक संचालित होगी।
जनपद में हाईस्कूल के 77,042 तथा इंटरमीडिएट के 77,080 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए 6 जोनल मजिस्ट्रेट, 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 206 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त आरक्षित अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता और केंद्र व्यवस्थापन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि परीक्षा पूर्णतः नकलविहीन, शांतिपूर्ण और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराई जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी व कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. दिनेश चंद्र ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि यदि कहीं भी नकल कराने का प्रयास किया गया या किसी ने इसमें सहयोग किया तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध अधिनियम 2024 की धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। दोषी पाए जाने पर अधिकतम एक करोड़ रुपये तक जुर्माना तथा संपत्ति कुर्की का भी प्रावधान है।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंचकर पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ परीक्षा संपन्न कराएं, ताकि जनपद में बोर्ड परीक्षा निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित हो सके।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें