मुर्की में वोटर आईडी के कथित दुरुपयोग से 146 मतदाताओं के नाम कटने का मामला, जांच की मांग

दीपक श्रीवास्तव 
मुर्की में वोटर आईडी के कथित दुरुपयोग से 146 मतदाताओं के नाम कटने का मामला, जांच की मांग

जौनपुर,। यूपी के जौनपुर स्थित केराकत तहसील क्षेत्र के मुर्की गांव में मतदाता सूची से जुड़े गंभीर अनियमितता का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। आरोप है कि एक मतदाता की ईपिक संख्या का कथित दुरुपयोग कर प्रारूप-7 के माध्यम से 146 मतदाताओं के नाम कटवाने के लिए आवेदन जमा किया गया।
मुर्की निवासी सुमैया बानो पत्नी मोहम्मद अफसर ने निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की है कि उनकी वोटर आईडी संख्या का गलत इस्तेमाल करते हुए ग्राम पंचायत की भाग संख्या 138 व 139 से 146 मतदाताओं को स्थायी रूप से स्थानांतरित दर्शाकर नाम विलोपन का आवेदन तहसील में प्रस्तुत किया गया। जबकि निर्वाचन नामावली के भाग संख्या 139, क्रम संख्या 103 पर उनका नाम विधिवत दर्ज है। उन्होंने इसे बदनाम करने की साजिश बताते हुए प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
मामला सामने आने पर गांव में हलचल बढ़ गई। प्राथमिक विद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र होकर नाम कटने का विरोध करते दिखाई दिए। जांच के दौरान फॉर्म-7 पर अंकित ईपिक संख्या, मोबाइल नंबर और आवेदक का नाम अलग-अलग व्यक्तियों का पाया गया, जिससे संदेह और गहरा गया। ग्रामीणों का कहना है कि बीएलओ द्वारा सोमवार को नाम कटने की सूचना दी गई, जबकि अभिस्वीकृति रसीद पर एक फरवरी की तिथि अंकित है।
फॉर्म पर दर्ज आवेदक पांचू राम ने भी अपने नाम के उपयोग से अनभिज्ञता जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सविस्ता ने बताया कि सूची में उनके पिता का नाम भी शामिल है। संबंधित मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर व्यक्ति ने नंबर के दुरुपयोग की बात कही।
इस संबंध में बीएलए-1 संजय पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि फॉर्म-7 आपत्ति दर्ज करने का माध्यम है, जिसके बाद सत्यापन किया जाता है। सही पाए जाने पर नाम नहीं काटा जाता।इस मामले में बुधवार को एडीएम एफआर परमानंद झा ने जानकारी लेने पर बताया कि मामला सामने आया है पूरे प्रकरण की जांच कर उचित कार्रवाई होगी। हालांकि इस मामले को लेकर सपा और कांग्रेस पार्टी के लोग लगातार ऐसे मामले को लेकर चुनाव आयोग से और जिलाधिकारी से शिकायत दर्ज करा चुके हैं।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ