रांची प्रकरण पर एबीवीपी का पलटवार, AISA पर भ्रामक राजनीति करने का लगाया आरोप

दीपक श्रीवास्तव 
रांची प्रकरण पर एबीवीपी का पलटवार, AISA पर भ्रामक राजनीति करने का लगाया आरोप
लखनऊ। रांची में जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़े प्रदर्शन के दौरान हुए स्याही प्रकरण को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के आरोपों को निराधार और भ्रामक बताया है। परिषद ने कहा कि विद्यार्थी हितों के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए राजनीतिक नैरेटिव गढ़ने का प्रयास किया जा रहा है।
एबीवीपी के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेन्द्र सिंह सोलंकी ने जारी बयान में कहा कि विद्यार्थी आंदोलनों का उद्देश्य छात्रों के शैक्षणिक, सामाजिक और राष्ट्रीय हितों की रक्षा होना चाहिए, न कि राजनीतिक लाभ के लिए विवाद खड़ा करना। उन्होंने आरोप लगाया कि AISA लंबे समय से छात्र हितों के मुद्दों को राजनीतिक एजेंडे के अनुरूप मोड़ने का प्रयास करता रहा है।
डॉ. सोलंकी ने कहा कि रांची की घटना को आधार बनाकर बिना तथ्यों के आरोप लगाना केवल सस्ती लोकप्रियता हासिल करने और मीडिया की सुर्खियां बटोरने का प्रयास है। यदि किसी घटना की जांच आवश्यक है तो वह निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर होनी चाहिए, लेकिन किसी संगठन को बिना साक्ष्य के कटघरे में खड़ा करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि भारतीय विद्यार्थी समाज ऐसे किसी भी प्रयास का विरोध करेगा, जिससे शैक्षणिक परिसरों का माहौल प्रभावित हो या छात्र आंदोलनों को राजनीतिक टकराव का माध्यम बनाया जाए। एबीवीपी का मानना है कि छात्र आंदोलन राष्ट्र निर्माण की सकारात्मक शक्ति हैं और उन्हें राजनीतिक नौटंकी का मंच नहीं बनाया जाना चाहिए।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ