दीपक श्रीवास्तव
अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट की 30 दिवसीय निशुल्क ब्यूटी प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न, महिलाओं-बालिकाओं को किया सम्मानित
जौनपुर। महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट द्वारा आयोजित 30 दिवसीय निशुल्क सौंदर्य (ब्यूटी) प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन समारोह खुझी मोड़ स्थित निखार ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चौकियां धाम के महंत विनय कुमार त्रिपाठी एवं ट्रस्ट की संस्थापक दीक्षा सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह को संबोधित करते हुए महंत विनय कुमार त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में बेटियों को देवी लक्ष्मी, सरस्वती और दुर्गा का स्वरूप माना गया है। बच्चियों को देवी का दर्जा देने का उद्देश्य समाज में उनके सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जिस प्रकार प्रत्येक ब्लॉक और तहसील स्तर पर लगातार कार्य कर रहा है, वह अत्यंत सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से महंत विनय कुमार त्रिपाठी, ट्रस्ट संस्थापक दीक्षा सिंह, सीमा गुप्ता, क्षमा सिंह एवं उर्वशी सिंह ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं और बालिकाओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्मृति चिह्न एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रशिक्षण कार्यशाला में सरोज गुप्ता, डिम्पल गुप्ता, सुमन, आंचल एवं साक्षी यादव ने प्रशिक्षक के रूप में प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया। समापन अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में बेस्ट मेकअप का पुरस्कार संध्या यादव, बेस्ट हेयर कट का पुरस्कार संजना कन्नौजिया, बेस्ट हेयर डू का पुरस्कार अमृता दूबे तथा बेस्ट स्किन का पुरस्कार अनन्या को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में ट्रस्ट परिवार के सदस्यों के साथ धर्मू गुप्ता, शहजादी गुप्ता, दिनेश, उपेंद्र, डिम्पल, राजीव प्रजापति सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें