दीपक श्रीवास्तव
मेक इन इंडिया से बढ़ा उत्पादन, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बने : ए.के. शर्मा
जौनपुर,14 जून यूपी के जौनपुर केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार दोपहर भाजपा जिला कार्यालय पर जनपद के प्रभारी मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को पत्रकारों से बातचीत करते हुए विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि “विकसित भारत” अब केवल एक नारा नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का राष्ट्रीय संकल्प बन चुका है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विश्व की चौथी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि “मेक इन इंडिया” अभियान के तहत देश में उत्पादन बढ़ा है, जिससे रोजगार के अवसर लगातार सृजित हो रहे हैं। वहीं “स्टार्टअप इंडिया” के माध्यम से युवा नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है। शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और खेल के क्षेत्र में व्यापक कार्य किए गए हैं। “खेलो इंडिया” और “फिट इंडिया” जैसे अभियानों ने युवाओं को नई दिशा दी है। किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने किसानों एवं गरीब परिवारों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा प्रदान की है। साथ ही देशभर में एम्स संस्थानों के विस्तार को भी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया।
इससे पूर्व भाजपा जिला कार्यालय में मंत्री ए.के. शर्मा की उपस्थिति में मासिक बैठक आयोजित हुई, जिसमें संगठन की मजबूती और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
जिला प्रभारी अशोक चौरसिया ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण और विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहा है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि कार्यकर्ताओं का परिश्रम ही संगठन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा का लक्ष्य है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें