सरपतहां में पुलिस मुठभेड़ वांछित गो-तस्कर गिरफ्तार, पैर में गोली लगी

दीपक श्रीवास्तव 
सरपतहां में पुलिस मुठभेड़ वांछित गो-तस्कर गिरफ्तार, पैर में गोली लगी
जौनपुर,29 जून। यूपी के जौनपुर में सरपतहां थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और वांछित गो-तस्कर के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस, चोरी की बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।इस संबंध में जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरेन्द्र सिंह ने बताया कि 
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष यजुवेंद्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ कम्मरपुर पुलिया के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान समोधपुर की ओर से आ रहे एक बाइक सवार ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा रोकने पर उसने तमंचे से दो राउंड फायर कर दिए। एक गोली थानाध्यक्ष के दाहिने कान के पास से निकल गई।
आत्मरक्षा में थानाध्यक्ष और उपनिरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान पंकज यादव (35) पुत्र रूदल यादव, निवासी सारी बड़ौना, थाना सरपतहां के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार वह गो-तस्करी के मामले में वांछित था।
मौके से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन तथा बाइक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह बाइक अखंडनगर क्षेत्र से चोरी की थी और उसकी नंबर प्लेट बदल दी थी।
घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी सुईथाकला भेजा गया। उसके खिलाफ थाना सरपतहां में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ