भगवान चित्रगुप्त मंदिर रूहटा में सवा महीने की आरती पूर्ण, भव्य श्रृंगार व महाआरती में उमड़े श्रद्धालु

दीपक श्रीवास्तव 
भगवान चित्रगुप्त मंदिर रूहटा में सवा महीने की आरती पूर्ण, भव्य श्रृंगार व महाआरती में उमड़े श्रद्धालु

जौनपुर। राष्ट्रीय कायस्थ महापरिषद, जौनपुर के तत्वावधान में भगवान चित्रगुप्त मंदिर, रूहटा में लगातार सवा महीने तक प्रतिदिन आरती किए जाने का संकल्प पूर्ण होने पर शुक्रवार को भगवान चित्रगुप्त का भव्य श्रृंगार एवं दिव्य महाआरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर दर्शन-पूजन कर भगवान चित्रगुप्त का आशीर्वाद प्राप्त किया।
राष्ट्रीय कायस्थ महापरिषद के जिलाध्यक्ष गिरिजेश कुमार श्रीवास्तव (पूर्व बैंक मैनेजर) ने बताया कि संगठन की बैठक में भगवान चित्रगुप्त मंदिर में सवा महीने तक प्रतिदिन आरती करने का संकल्प लिया गया था, जिसे संगठन की टीम ने पूर्ण निष्ठा के साथ सफलतापूर्वक पूरा किया। इस अवसर पर भगवान का आकर्षक श्रृंगार वरिष्ठ उपाध्यक्ष सोमेश श्रीवास्तव एवं संगठन महामंत्री अभिलव श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
श्रृंगार, पूजन एवं आरती कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष गिरिजेश कुमार श्रीवास्तव, कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी अस्थाना, मीडिया प्रभारी विश्व प्रकाश श्रीवास्तव ‘दीपक’, राजेश श्रीवास्तव ‘बच्चा भैया’ एडवोकेट, श्री चित्रगुप्त सभा जौनपुर के अध्यक्ष रमेंद्र नाथ श्रीवास्तव एडवोकेट, रूपेश श्रीवास्तव ‘कवि अकेला’ तथा संगठन मंत्री शैलेन्द्र मोहन सहित अनेक गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।
भगवान चित्रगुप्त मंदिर धर्मशाला के अध्यक्ष रमेंद्र श्रीवास्तव एडवोकेट ने बताया कि मंदिर प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से 10 बजे तक तथा सायं 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए खुला रहता है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में पंखा एवं प्रकाश व्यवस्था भी सुदृढ़ की गई है।
श्री चित्रगुप्त भगवान पूजन महासमिति, जौनपुर के संयोजक सरस चंद्र श्रीवास्तव (वरिष्ठ अधिवक्ता, सिविल कोर्ट) ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त न्याय, लेखनी और कर्मों के लेखा-जोखा के देवता हैं। वे सभी वर्गों एवं समुदायों के आराध्य हैं। उन्होंने लोगों से अपने बच्चों के जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ एवं अन्य शुभ अवसरों पर मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करने की अपील की।
कार्यकारी जिलाध्यक्ष अश्विनी अस्थाना ने बताया कि भगवान चित्रगुप्त मंदिर रूहटा में प्रतिदिन शाम 6:30 बजे नियमित आरती का आयोजन जारी रहेगा। वहीं, आरती-पूजन प्रभारी शैलेन्द्र मोहन श्रीवास्तव एवं रूपेश श्रीवास्तव ‘कवि अकेला’ ने सर्वसमाज के लोगों से आरती में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया।
सवा महीने तक चले आरती एवं पूजन कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों से जुड़े बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान चित्रगुप्त के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। आयोजन के सफल संपन्न होने पर उपस्थित भक्तों ने इसे धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ