बाजाज कंपनी के नाम पर करोड़ो की साइबर ठगी करने वाला मास्टर माइंड गिरफ्तार,2.5 करोड़ की ठगी का खुलासा


दीपक श्रीवास्तव 

बाजाज कंपनी के नाम पर करोड़ो की साइबर ठगी करने वाला मास्टर माइंड गिरफ्तार,2.5 करोड़ की ठगी का खुलासा 

जौनपुर,13 जून। यूपी के जौनपुर में पुलिस ने बजाज कंपनी के नाम पर लोगों को झांसा देकर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में मोबाइल फोन, सिम कार्ड, फर्जी दस्तावेज, बैंक खाते से जुड़े अभिलेख और नकदी बरामद की है।

शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक शहर आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त शुभम सिंह (30) पुत्र अनिल सिंह, निवासी पपरावन थाना बरसठी, जौनपुर, बजाज कंपनी में लोन, निवेश, टूर एंड ट्रेवल्स तथा इंश्योरेंस पैकेज दिलाने के नाम पर लोगों को ठगता था। वह फर्जी वेबसाइटों और ऑनलाइन माध्यमों से ग्राहकों का संपर्क हासिल कर उन्हें फोन व व्हाट्सएप के जरिए विश्वास में लेता था।

आरोपी पीड़ितों से दस्तावेज लेकर लोन और निवेश की प्रक्रिया का झांसा देता था तथा प्रोसेसिंग फीस, सत्यापन शुल्क, इंश्योरेंस, कैशबैक और लोन अप्रूवल शुल्क के नाम पर रकम वसूलता था। जांच में सामने आया कि उसने फर्जी पते पर कूटरचित आधार कार्ड तैयार कराए थे, जिनके जरिए फर्जी सिम कार्ड हासिल किए जाते थे।

पुलिस ने आरोपी के पास से तीन एंड्रॉइड मोबाइल, तीन की-पैड मोबाइल, चार सिम कार्ड, एक फर्जी आधार कार्ड, एक फर्जी आधार की छायाप्रति, एक असली आधार कार्ड, 15 एटीएम कार्ड, नौ बैंक पासबुक, सात चेकबुक तथा 1.45 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने अपने, परिजनों और परिचितों के नाम पर कई बैंक खाते खुलवाए थे। साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि इन्हीं खातों में मंगवाई जाती थी और बाद में एटीएम, चेकबुक तथा सीएससी केंद्रों के माध्यम से निकाल ली जाती थी। पुलिस के अनुसार गिरोह अब तक 2.5 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर धोखाधड़ी कर चुका है। मामले में आरोपी के भाई, बहन तथा बहनोई के खातों की भी जांच की जा रही है।



कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ