ग्रीन सिनेमा अवार्ड 2026 जौनपुर की बहू अलका झा बनीं बेस्ट प्लेबैक सिंगर, जिले का बढ़ाया मान

दीपक श्रीवास्तव 
ग्रीन सिनेमा अवार्ड 2026 जौनपुर की बहू अलका झा बनीं बेस्ट प्लेबैक सिंगर, जिले का बढ़ाया मान
एक हजार से अधिक गीतों को दे चुकी हैं आवाज, सात भाषाओं में गायन का बना चुकी हैं रिकॉर्ड


जौनपुर/मुंबई। जौनपुर की बहू और भोजपुरी फिल्म जगत की चर्चित पार्श्व गायिका अलका झा को मुंबई में आयोजित ग्रीन सिनेमा अवार्ड 2026 में 'बेस्ट प्लेबैक सिंगर (भोजपुरी) 2026' के सम्मान से नवाजा गया। इस उपलब्धि से जौनपुर का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।
29 जून को आयोजित भव्य पुरस्कार समारोह में यह सम्मान अलका झा को भोजपुरी फिल्मों में उनके उत्कृष्ट गायन और लंबे समय से संगीत जगत में दिए गए योगदान के लिए प्रदान किया गया। अलका झा अभिनेता जितेंद्र झा की धर्मपत्नी हैं और जौनपुर की बहू के रूप में भी अपनी विशेष पहचान रखती हैं।
अलका झा अब तक भोजपुरी सहित विभिन्न फिल्म उद्योगों के लिए एक हजार से अधिक गीतों में अपनी आवाज दे चुकी हैं। उनकी गायकी का दायरा सात भाषाओं तक फैला हुआ है, जिससे उन्होंने देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है।
यह पहला अवसर नहीं है जब उनकी प्रतिभा को सम्मान मिला हो। इससे पहले वर्ष 2020 में सरस सलिल अवार्ड समारोह में भी उन्हें बेस्ट प्लेबैक सिंगर का पुरस्कार मिल चुका है।
सम्मान मिलने के बाद अलका झा ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग, श्रोताओं के प्यार और शुभचिंतकों के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि "जौनपुर वाली मां शीतला का आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ रहता है। इसी प्रेरणा और लोगों के स्नेह से मैं लगातार आगे बढ़ रही हूं।"
अलका झा की इस उपलब्धि पर जौनपुर सहित भोजपुरी फिल्म जगत में खुशी की लहर है। उनके प्रशंसकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में भी नई ऊंचाइयों को छूने की शुभकामनाएं दी हैं।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ