दीपक श्रीवास्तव
आरटीसी दीक्षांत परेड 2026 में अनुशासन और शौर्य का भव्य प्रदर्शन वैभव कृष्ण पुलिस उपमहानिरीक्षक ने ली सलामी
जौनपुर, 26 अप्रैल। यूपी के जौनपुर में रिजर्व पुलिस लाइंस में रविवार को आयोजित आरटीसी दीक्षांत परेड समारोह भव्य और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रशिक्षु जवानों ने शानदार परेड प्रस्तुत कर अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
समारोह के मुख्य अतिथि वैभव कृष्ण (पुलिस उपमहानिरीक्षक, वाराणसी परिक्षेत्र) रहे, जिन्होंने परेड की सलामी ली और जवानों की उत्कृष्ट प्रस्तुति की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण जवानों की शारीरिक क्षमता के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता और सेवा भाव को भी सुदृढ़ बनाता है।
इस अवसर पर कुंवर अनुपम सिंह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जौनपुर ने भी जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य की जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। परेड के दौरान कदमताल, ड्रिल और विभिन्न दस्तों की आकर्षक प्रस्तुति ने उपस्थित अधिकारियों और दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में गोविंद गुप्ता (क्षेत्राधिकारी लाइंस), आयुष श्रीवास्तव (अपर पुलिस अधीक्षक नगर), प्रतिसार निरीक्षक दीन दयाल दीक्षित एवं आरटीसी प्रभारी राजेश कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
दीक्षांत परेड के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन में अनुशासन और व्यवस्था का बेहतरीन समन्वय देखने को मिला, जिससे समारोह यादगार बन गया।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें