जौनपुर कोतवाली में ईरानी महिलाओं के दो गुटों में भिड़ंत जमकर चले जूते चप्पल ईट पत्थर

दीपक श्रीवास्तव 
जौनपुर कोतवाली में ईरानी महिलाओं के दो गुटों में भिड़ंत

पुलिस के सामने चले डंडे-चप्पल, आधा दर्जन घायल; वीडियो वायरल

जौनपुर, 03 फरवरी। यूपी के जौनपुर में शहर कोतवाली अंतर्गत मंगलवार शाम करीब 5 बजे ईरानी महिलाओं के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में करीब आधा दर्जन महिलाएं घायल हो गईं। मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर हालात काबू में किए और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। कुछ महिलाओं को पूछताछ के लिए थाने में बैठाया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि एक गुट की महिलाओं ने पुलिसकर्मियों के सामने ही दूसरे गुट पर डंडे और चप्पल फेंकने शुरू कर दिए। यह हंगामा कोतवाली चौराहे पर हुआ, जिससे कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुरानी बाजार निवासी ईरानी फिजा ने आरोप लगाया कि सिपाही मोहल्ले में रहने वाले ईरानियों ने उनके पति की पुरानी बाजार में गोली मारकर हत्या की थी। उन्होंने बताया कि आरोपी पक्ष उन्हें गवाही देने से रोकने के लिए लगातार धमकियां दे रहा है और जानलेवा हमले कर रहा है। फिजा के अनुसार सोमवार को नगर के एक निजी अस्पताल में उनकी बुआ के इलाज के दौरान भी उनके साथ मारपीट की गई थी।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पिछले तीन वर्षों से विवाद चला आ रहा है। सूचना मिलते ही सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी लिया। 
इस संदर्भ में शहर कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस की तरफ से दोनों पक्षों की महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और 10 महिलाओं को शांति भंग में गिरफ्तार कर चालान किया गया है। 

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ