विज्ञान संकाय में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित

item-thumbnail
दीपक श्रीवास्तव 
विज्ञान संकाय में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित
जौनपुर,। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन हेतु इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को किया गया। मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र एवं मानव आनुवंशिकी विशेषज्ञ प्रो. ज्ञानेश्वर चौबे रहे।

प्रो. चौबे ने अपने प्रेरक व्याख्यान में भारत की जनसंख्या के इतिहास, मानव प्रवासन, भाषाई एवं सांस्कृतिक विविधता तथा जीनोमिक्स के माध्यम से प्राचीन इतिहास को समझने की वैज्ञानिक संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को शोध, नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाकर वैश्विक स्तर पर उत्कृष्ट योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो. प्रदीप कुमार ने की। उन्होंने विज्ञान संकाय की शैक्षणिक उपलब्धियों, आधुनिक प्रयोगशालाओं एवं अनुसंधान सुविधाओं की जानकारी दी। छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने छात्रवृत्तियों एवं छात्र सुविधाओं, जबकि मुख्य छात्रावास अधीक्षक प्रो. अविनाश डी. पाथर्डिकर ने छात्रावासों की व्यवस्थाओं एवं अनुशासन संबंधी जानकारी साझा की।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. राधिका ने किया। इस अवसर पर प्रो. राम नारायण, डॉ. एस.पी. तिवारी, डॉ. विवेक पांडे, डॉ. संजीव कुमार मौर्य सहित विज्ञान संकाय के शिक्षक उपस्थित रहे। अंत में विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी बताते हुए इसे अपने विश्वविद्यालय जीवन की सफल शुरुआत के लिए उपयोगी बताया।
Read more »

40 वर्षों की परंपरा के साथ निकली बोल बम काँवरिया संघ की भव्य शोभायात्रा, बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुए श्रद्धालु

item-thumbnail


दीपक श्रीवास्तव 
40 वर्षों की परंपरा के साथ निकली बोल बम काँवरिया संघ की भव्य शोभायात्रा, बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुए श्रद्धालु

जौनपुर,07 अगस्त। यूपी के जौनपुर में श्रावण मास के पावन अवसर पर नगर की प्राचीनतम बोल बम काँवरिया संघ द्वारा शुक्रवार को भगवान शिव की भव्य कांवड़ शोभायात्रा पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। बीते 40 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के तहत सैकड़ों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए रवाना हुए।
शोभायात्रा का शुभारंभ हनुमान घाट स्थित चौरा माता मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुआ। संघ के संरक्षक संतोष सेठ एवं महासचिव विमल सिंह ने नारियल फोड़कर यात्रा का शुभारंभ कराया, जबकि चेयरमैन प्रतिनिधि रामसूरत मौर्य ने हरी झंडी दिखाकर जत्थे को रवाना किया।हाथी, घोड़े, डीजे, भगवान शिव की आकर्षक झांकियों तथा द्वादश ज्योतिर्लिंग की मनमोहक प्रस्तुति ने शोभायात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान किया। नगर के विभिन्न क्षेत्रों से आई धार्मिक झांकियां श्रद्धालुओं और आमजन के आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा सद्भावना पुल, कजगांव पड़ाव, ओलंदगंज, शाही पुल, चहारसू चौराहा, कोतवाली, सब्जी मंडी और सुतहट्टी बाजार होते हुए भंडारी रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां से कांवरिये फरक्का एक्सप्रेस से बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुए। सुल्तानगंज पहुंचकर श्रद्धालु गंगाजल भरेंगे और वहां से पैदल यात्रा करते हुए बाबा धाम पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे।
मार्ग में जगह-जगह महिलाओं ने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। 
संघ के अध्यक्ष सुधीर साहू ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का सबसे पवित्र समय है। भगवान शिव जनकल्याण के देवता हैं और उनके पूजन से समाज एवं राष्ट्र का कल्याण होता है। उन्होंने बताया कि संघ पिछले 40 वर्षों से लगातार बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा कर जलाभिषेक की परंपरा का निर्वहन कर रहा है।
महासचिव विमल सिंह ने सभी श्रद्धालुओं, समाजसेवी संस्थाओं, पुलिस प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। शोभायात्रा में संघ के संरक्षक अशोक सेठ, अजय साहू, गौतम सोनी, श्रवण कुमार चौरसिया उमेश गुप्ता पत्रकार,सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और शिवभक्त शामिल रहे।
Read more »

गांवों के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगेंगे सूचना बोर्ड, विकास कार्यों में लापरवाही पर सख्त हुए जिलाधिकारी

item-thumbnail
दीपक श्रीवास्तव 
गांवों के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगेंगे सूचना बोर्ड, विकास कार्यों में लापरवाही पर सख्त हुए जिलाधिकारी 

जौनपुर,07 अगस्त । यूपी के जौनपुर में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक गांव के मुख्य प्रवेश द्वार पर ग्राम सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे ग्रामीणों और आगंतुकों को गांव की महत्वपूर्ण जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी।
शुक्रवार शाम कैंप कार्यालय में आयोजित वीबीजी-राम (जी) प्रगति समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने और उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एमडीएम शेड, अमृत सरोवर, तालाब, आंगनबाड़ी केंद्र, अन्नपूर्णा भवन तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा।
डीएम ने सक्रिय जॉब कार्ड धारकों का शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कराने, ग्राम पंचायतों में आवश्यकता के अनुसार नियमित मास्टर रोल जारी करने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को समय पर मजदूरी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने अमृत सरोवरों को मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक, ट्री गार्ड और प्रकाश व्यवस्था जैसी सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया। ग्राम सूचना बोर्ड पर गांव की जनसंख्या, मतदाताओं की संख्या, ग्राम प्रधान का नाम, भूजल की स्थिति, प्रमुख उपलब्धियां और विलेज सिटीजन चार्टर अंकित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सभी विकास कार्यों का डिजिटल डॉक्यूमेंटेशन तैयार करने, नए सरकारी भवनों पर फ्लैग पोल लगाने, मनरेगा कार्यों की नियमित जांच तथा संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में फॉगिंग मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि सभी कार्य आगामी तीन माह के भीतर पूर्ण कराए जाएं।

Read more »

किन्नरों के दो गुटों की हिंसक झड़प में नामजद गुलाबो किन्नर गिरफ्तार

item-thumbnail
दीपक श्रीवास्तव 
किन्नरों के दो गुटों की हिंसक झड़प में नामजद गुलाबो किन्नर गिरफ्तार
जौनपुर,07 अगस्त। यूपी के जौनपुर में शाहगंज कोतवाली पुलिस ने बधाई लेने के क्षेत्राधिकार को लेकर किन्नरों के दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प और जानलेवा हमले के मामले में नामजद आरोपी गुलाबो किन्नर को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।इस संबंध में जानकारी लेने पर क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरेन्द्र सिंह ने बताया कि 6 अगस्त को डाली किन्नर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि वह अपनी गुरु शमा किन्नर, सीमा किन्नर, बिजली किन्नर और अन्य साथियों के साथ बातचीत के लिए गुलाबो किन्नर के घर गई थीं। इसी दौरान विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि गुलाबो किन्नर ने घर का दरवाजा बंद कर छत पर चढ़कर गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से ईंट-पत्थर फेंके। इस दौरान एक ईंट सीला किन्नर के सिर में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद डाली किन्नर की तहरीर पर शाहगंज कोतवाली में (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने शुक्रवार को नामजद आरोपी गुलाबो किन्नर को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को बधाई लेने के क्षेत्राधिकार को लेकर किन्नरों के दो गुट आमने-सामने आ गए थे। दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पथराव से इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया था। अब मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Read more »

कथित फर्जी मुठभेड़ मामले में 23 पुलिसकर्मियों पर परिवाद, कोर्ट ने थानाध्यक्ष से मांगा स्पष्टीकरण

item-thumbnail
Deepak srivastava 
कथित फर्जी मुठभेड़ मामले में 23 पुलिसकर्मियों पर परिवाद, कोर्ट ने थानाध्यक्ष से मांगा स्पष्टीकरण

जौनपुर,07 अगस्त। यूपी के जौनपुर में खुटहन थाना क्षेत्र के चर्चित दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड के आरोपी रवि यादव की कथित पुलिस मुठभेड़ में मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। रवि यादव की मां अमरावती देवी की ओर से दायर परिवाद पर सुनवाई करते हुए प्रभारी मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत ने थाना खेतासराय से रिपोर्ट तलब की थी। शुक्रवार को सुनवाई के दौरान पुलिस का कोई अधिकारी उपस्थित नहीं होने पर अदालत ने थानाध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी कर अगली तारीख पर स्पष्टीकरण के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया। मामले की अगली सुनवाई 14 अगस्त को होगी।

परिवादिनी अमरावती देवी, निवासी सोंधी (खेतासराय), ने अपने अधिवक्ता समर बहादुर यादव के माध्यम से एसओजी प्रभारी, थाना खेतासराय के तत्कालीन प्रभारी, थाना लाइन बाजार के तत्कालीन प्रभारी सहित 23 पुलिसकर्मियों के विरुद्ध परिवाद दायर किया है।

परिवाद में आरोप लगाया गया है कि एक मई 2026 को हुए आजाद बिंद हत्याकांड में रवि यादव को आरोपी बनाया गया था। बाद में वह दिल्ली चला गया, जहां से 23 मई को पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर जौनपुर लाया। आरोप है कि 25 मई की रात गोरारी तिराहे के पास फर्जी मुठभेड़ दिखाकर उसकी हत्या कर दी गई।
परिवाद में यह भी कहा गया है कि पोस्टमार्टम में सीने में गोली लगने की पुष्टि हुई और घटना की निष्पक्ष जांच कराए बिना कथित मुठभेड़ में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि पहले पुलिस अधीक्षक और मुख्यमंत्री को भी प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद न्यायालय की शरण ली गई।इस मामले में शुक्रवार को जानकारी देते हुए 

वादी पक्ष के अधिवक्ता समर बहादुर यादव ने बताया कि अदालत ने मामले का संज्ञान लेते हुए रिपोर्ट तलब की थी। शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों की अनुपस्थिति पर न्यायालय ने नाराजगी जताते हुए संबंधित थानाध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी किया और अगली सुनवाई 14 अगस्त निर्धारित की है।
Read more »

नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 10 वर्ष की सजा, सह-आरोपी बरी

item-thumbnail
Deepak srivastava 
नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 10 वर्ष की सजा, सह-आरोपी बरी
जौनपुर,07 अगस्त। यूपी के जौनपुर में अपर सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश पॉक्सो सुरेंद्र प्रताप यादव की अदालत ने शुक्रवार को नाबालिग से दुष्कर्म के एक मामले में आरोपी बलिराम पटेल को दोषी करार देते हुए 10 वर्ष के सश्रम कारावास और 20 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। वहीं साक्ष्यों के अभाव में सह-आरोपी अनिल पटेल को आरोपों से बरी कर दिया गया।

अभियोजन के अनुसार, मछलीशहर थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने वर्ष 2020 में मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में कहा गया था कि 8/9 अक्टूबर 2020 की रात उसकी नाबालिग पुत्री और भतीजी घर में सो रही थीं। आरोप है कि देर रात दोनों आरोपी मौके का फायदा उठाकर नाबालिग को उठाकर पास के धान के खेत में ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
घटना के बाद पुलिस ने विवेचना कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया। मुकदमे की सुनवाई के दौरान वादी और पीड़िता अपने पूर्व बयानों से मुकर गए। इसके बावजूद न्यायालय ने उपलब्ध साक्ष्यों और अभिलेखों के आधार पर बलिराम पटेल को दोषी माना और उसे 10 वर्ष के सश्रम कारावास के साथ 20 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।

अदालत ने यह भी आदेश दिया कि अर्थदंड अदा न करने की स्थिति में दोषी को अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। वहीं दूसरे आरोपी अनिल पटेल के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य न मिलने पर उसे दोषमुक्त कर दिया गया।

Read more »

18 वर्ष पुराने हत्या मामले में दोषी को आजीवन कारावास, सह-आरोपी बरी

item-thumbnail
Deepak srivastava 
18 वर्ष पुराने हत्या मामले में दोषी को आजीवन कारावास, सह-आरोपी बरी

जौनपुर,07 अगस्त । यूपी के जौनपुर में अपर सत्र न्यायाधीश सुरेंद्र प्रताप यादव की अदालत ने 18 वर्ष पुराने हत्या के मामले में शुक्रवार को आरोपी प्रेमचंद सरोज को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास और 20 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। वहीं साक्ष्यों के अभाव में सह-आरोपी विनोद सरोज को आरोपों से बरी कर दिया गया।

अभियोजन के अनुसार, नेवढ़िया थाना क्षेत्र निवासी वादी ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया था कि 2 मार्च 2008 की रात उसके पिता राजदेव मौर्य रोज की तरह भोजन करने के बाद गुतवन बाजार स्थित अपनी हार्डवेयर की दुकान पर सोने चले गए थे। आरोप है कि देर रात अज्ञात हमलावर दुकान पर पहुंचे और धारदार हथियार से उनकी हत्या कर फरार हो गए।

अगली सुबह जब परिजन दुकान पर पहुंचे तो राजदेव मौर्य का शव खून से लथपथ मिला। घटना की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान प्रेमचंद और विनोद सरोज का नाम प्रकाश में आया, जिसके बाद दोनों के विरुद्ध न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया गया।
मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर प्रेमचंद उर्फ पप्पू सरोज को हत्या का दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास एवं 20 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई। अदालत ने यह भी आदेश दिया कि अर्थदंड अदा न करने की स्थिति में दोषी को अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

वहीं दूसरे आरोपी विनोद सरोज के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य न मिलने पर अदालत ने उसे दोषमुक्त करने का आदेश दिया।

Read more »
पुराने पोस्ट
मुख्यपृष्ठ