अभिमान और लोभ छोड़ने वाले पर बरसती है प्रभु की कृपा : पं. रजनीकांत द्विवेदी

दीपक श्रीवास्तव 

अभिमान और लोभ छोड़ने वाले पर बरसती है प्रभु की कृपा : पं. रजनीकांत द्विवेदी

श्रीमद्भागवत कथा के अंतिम दिन कृष्ण-सुदामा की मित्रता का भावपूर्ण वर्णन

कहा- दूसरों के सुख और तरक्की से दुखी होना कलियुग की विडंबना

जौनपुर, 29 अक्टूबर । यूपी  के जौनपुर में नगर के एक मैरेज लॉन में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के अंतिम दिन गुरुवार  को कथाव्यास पं. रजनीकांत द्विवेदी ने भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि अभिमान और लोभ का त्याग कर निष्कपट भाव से प्रभु की शरण में जाने वाले व्यक्ति पर भगवान की कृपा बरसती है। मनुष्य को जीवन में संतोष, प्रेम और सद्भाव को अपनाना चाहिए।

पं. द्विवेदी ने कहा कि कलियुग की विडंबना है कि लोग अपने दुख से अधिक दूसरों के सुख और प्रगति को देखकर परेशान होते हैं। दूसरों की उन्नति से ईर्ष्या करने पर व्यक्ति की मानसिक शांति भंग होती है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपनी नीयत, विचार और कर्म शुद्ध रखने चाहिए।

आकांक्षाओं के पीछे भागने के बजाय संतोष और विश्वास के साथ जीवन जीना चाहिए।

उन्होंने भक्तों को प्रार्थना की सीख देते हुए कहा, ‘जेहि विधि प्रसन्न मन होई, प्रभु मोहि करहु सोई।’ अर्थात जिस मार्ग से हमारा कल्याण हो, प्रभु हमें उसी मार्ग पर ले चलें। उन्होंने कहा कि अहंकार और लोभ व्यक्ति को पतन की ओर ले जाते हैं, जबकि विनम्रता और भक्ति जीवन को सार्थक बनाती हैं।

भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा के प्रसंग का वर्णन करते हुए कथाव्यास ने बताया कि पत्नी के आग्रह पर सुदामा अपने बालसखा श्रीकृष्ण से मिलने द्वारका पहुंचे थे। निर्धन सुदामा अपने साथ चावल की पोटली लेकर गए थे। उन्हें देखते ही भगवान श्रीकृष्ण ने आत्मीयता से उनका स्वागत किया और मित्रता का मान रखा। उन्होंने कहा कि यह प्रसंग सिखाता है कि सच्चे रिश्ते धन-दौलत से नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास और आत्मीयता से बनते हैं।

भगवान श्रीकृष्ण ने सुदामा की गरीबी नहीं, बल्कि उनके प्रेम और समर्पण को महत्व दिया।

कथाव्यास ने श्रद्धालुओं से अहंकार, लोभ और ईर्ष्या त्यागकर भक्ति, सेवा और सद्भाव के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

ये रहे मौजूद

कथा की मुख्य यजमान विमला सेठ रहीं। इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, सुशील मिश्रा, अरुण त्रिपाठी, ओमजी सहाय, विद्याधर शुक्ल, आरएन त्रिपाठी, किरण, विवेक सेठ, विनीत सेठ, अर्चना सेठ, विशाल सेठ, विपिन सेठ, हर्षित सेठ और हार्दिक सेठ सहित गठना कोठी परिवार के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ