दीपक श्रीवास्तव
पुलिस ने ठगी करने वाले आरोपित युवक को किया गिरफ्तार
आरबीआई लोगो वाले कागज, 22 टुकड़े कथित विस्फोटक पदार्थ और नकदी बरामद
जौनपुर, 04 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के जौनपुर में रुपये दोगुने करने का झांसा देकर लोगों को ठगी के जाल में फंसाने वाले कथित गिरोह के सरगना को बरसठी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से आरबीआई के लोगो वाला कागज, 500 रुपये के नोट के आकार के 22 टुकड़ों पर लगा कथित तीव्र विस्फोटक पदार्थ, कार, मोबाइल फोन और 2,230 रुपये नकद बरामद किए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने रविवार को बताया कि तीन अक्टूबर की रात बरसठी पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव पुलिस टीम के साथ तिराहे पर मौजूद थे। इसी दौरान UP66AF5157 नंबर की कार को रोककर तलाशी ली गई। कार चालक ने अपना नाम सचिन उपाध्याय (33) पुत्र गुलाब शंकर उपाध्याय, निवासी अबरना, थाना सुरियावां, भदोही बताया। तलाशी के दौरान संदिग्ध सामग्री मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को रुपये दोगुने करने का लालच देता था। विश्वास जीतने के लिए आरबीआई का लोगो और 500 रुपये के नोट से मिलते-जुलते रंग व आकार के कागज दिखाए जाते थे। पुलिस का दावा है कि कथित विस्फोटक पदार्थ का इस्तेमाल लोगों को भयभीत करने तथा अपराध से जुड़े साक्ष्य मिटाने के लिए किया जाता था।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमा संख्या 377/2026 में बीएनएस की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2), 61(2) तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4/5 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सचिन के खिलाफ वर्ष 2016 में भदोही और सुरियावां थानों में चोरी, चोरी का माल रखने, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें