जौनपुर में समाज विकास क्रांति पार्टी के जिला कार्यालय में दो दिन लगातार तोड़फोड़, एफआईआर दर्ज न होने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उठाए सवाल

दीपक श्रीवास्तव 

जौनपुर में समाज विकास क्रांति पार्टी के जिला कार्यालय में दो दिन लगातार तोड़फोड़, एफआईआर दर्ज न होने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उठाए सवाल


राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंह ने स्थानीय लोगों पर लगाया आरोप, पुलिस को दी गई दोनों घटनाओं की तहरीर

जौनपुर, 30 अक्टूबर । समाज विकास क्रांति पार्टी के जौनपुर जिला कार्यालय में दो दिनों के भीतर लगातार दो बार तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंह ने आरोप लगाया है कि दोनों घटनाओं की पुलिस को तहरीर देने के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंह के अनुसार, 28 अक्टूबर की रात कार्यालय बंद कर कर्मचारी घर चले गए थे। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने कार्यालय का ताला तोड़कर अंदर तोड़फोड़ की और कार्यालय की सामग्री को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। अगले दिन सुबह कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो ताला टूटा हुआ मिला और अंदर सामान अस्त-व्यस्त था। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण भी किया, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।

उन्होंने बताया कि 29 अक्टूबर की रात कार्यालय बंद रहने के दौरान एक बार फिर ताला तोड़कर तोड़फोड़ की गई। इस घटना की भी पुलिस को लिखित शिकायत दी गई, लेकिन दोनों मामलों में अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।

अशोक सिंह ने स्थानीय निवासी धर्मेंद्र निषाद और उनके सहयोगियों पर दोनों घटनाओं में शामिल होने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि इस संबंध में कुछ साक्ष्य भी मिले हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि दो बार कार्यालय में तोड़फोड़ होने और शिकायत दिए जाने के बावजूद पुलिस कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है? क्या किसी दबाव के चलते एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही है?

हालांकि, इस मामले में पुलिस का पक्ष और आरोपित पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ