शिक्षकों पर प्रत्याशी के पक्ष में मतदान के लिए दबाव बनाने का आरोप, डीआईओएस से मिले सपा नेता

दीपक श्रीवास्तव 
शिक्षकों पर प्रत्याशी के पक्ष में मतदान के लिए दबाव बनाने का आरोप, डीआईओएस से मिले सपा नेता
जौनपुर, 22 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर जौनपुर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शिक्षकों पर एक खास पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगा है। इस संबंध में समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं ने गुरुवार को जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कराने की मांग की।
सपा के शिक्षक एमएलसी चुनाव प्रभारी डॉ. अवधनाथ पाल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने डीआईओएस को बताया कि कुछ शिक्षकों ने उनसे शिकायत की है कि उन पर एक विशेष प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल में दीपचंद राम, राहुल त्रिपाठी, शकील अहमद, गप्पू मौर्य, आरिफ हबीब और कमालुद्दीन अंसारी शामिल रहे।

सपा नेताओं ने मामले का संज्ञान लेते हुए शिक्षकों को बिना किसी दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर देने और चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष बनाए रखने की मांग की।

वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक ने शिक्षकों पर दबाव बनाने के आरोपों को खारिज कर दिया। फिलहाल, आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

गौरतलब है कि वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है। चुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ