बस में जेई की तबीयत बिगड़ी, महिला कांस्टेबलों ने कराया अस्पताल में भर्ती

दीपक श्रीवास्तव 

बस में जेई की तबीयत बिगड़ी, महिला कांस्टेबलों ने कराया अस्पताल में भर्ती


ड्यूटी पर प्रयागराज जा रहे जेई की सरौली के पास अचानक बिगड़ी हालत, महिला कांस्टेबलों ने एंबुलेंस बुलाकर पहुंचाया सीएचसी

जौनपुर, 05 अक्टूबर । यूपी  के जौनपुर में तेजीबाजार थाना क्षेत्र में सोमवार को रोडवेज बस से प्रयागराज ड्यूटी पर जा रहे लघु उद्योग विभाग में तैनात अवर अभियंता (जेई) की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बस में सफर कर रही दो महिला कांस्टेबलों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।

खुटहन थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी दुर्गेश भारती पुत्र रामस्वरूप लघु उद्योग विभाग, प्रयागराज में जेई के पद पर तैनात हैं। सोमवार सुबह वह रोडवेज बस से प्रयागराज ड्यूटी पर जा रहे थे। करीब 10 बजे कलिंजरा क्रासिंग के आगे सरौली पहुंचते ही अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। यात्रियों ने उन्हें आराम देने के लिए बस की फर्श पर लिटा दिया।

इसी बस में यात्रा कर रही तेजीबाजार थाने की महिला कांस्टेबल प्रतिमा दुबे और गुंजन यादव ने स्थिति देखी तो तत्काल मदद के लिए आगे आईं। दोनों ने बस रुकवाकर यात्रियों की सहायता से जेई को बाहर निकलवाया और एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद उन्हें सीएचसी नौपेड़वा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने भर्ती कर उपचार शुरू किया।

महिला कांस्टेबल प्रतिमा दुबे ने बताया कि जेई की हालत अचानक बिगड़ने पर उन्होंने और कांस्टेबल गुंजन यादव ने तत्काल एंबुलेंस बुलवाई। साथ ही उनके परिजनों को घटना की जानकारी दी। समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने के बाद चिकित्सकों की टीम उनका उपचार कर रही है।

महिला कांस्टेबलों की तत्परता और मानवीय पहल की बस यात्रियों ने भी सराहना की।


कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ