किशोर अपचारी को हत्या के मामले में आजीवन कारावास

दीपक श्रीवास्तव 
किशोर अपचारी को हत्या के मामले में आजीवन कारावास
जौनपुर, 06 अक्टूबर । यूपी के जौनपुर में अपर सत्र न्यायाधीश (बालक न्यायालय) उमेश कुमार द्वितीय की अदालत ने हत्या के मामले में दोषसिद्ध किशोर अपचारी को मंगलवार को आजीवन कारावास और 15 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। मामले में तीन अन्य वयस्क आरोपितों की सुनवाई अलग न्यायालय में चल रही है।
अभियोजन के अनुसार सुजानगंज थाना क्षेत्र निवासी सचिन यादव ने मुकदमा दर्ज कराया था कि आशीष कुमार के परिवार से उसके परिवार की जमीन को लेकर रंजिश चल रही थी। 28 दिसंबर 2022 को दोपहर करीब एक बजे उसके चाचा राम आसरे चेती तिराहे पर हरिश्चंद्र यादव की चाय की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान बृजेश कुमार, आशीष कुमार, पंकज मिश्रा और पोखरा निवासी किशोर अपचारी वहां पहुंचे।
आरोप है कि बृजेश कुमार, पंकज मिश्रा और किशोर अपचारी के ललकारने पर आशीष कुमार ने असलहे से राम आसरे के सिर में गोली मार दी। घटना के बाद अन्य आरोपित भाग निकले, जबकि किशोर अपचारी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। गोली लगने से राम आसरे की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने विवेचना पूरी कर आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया। शासकीय अधिवक्ता राजेश कुमार उपाध्याय और कमलेश राय ने अभियोजन की ओर से गवाहों को परीक्षित कराया। पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के परीक्षण के बाद अदालत ने किशोर अपचारी को दोषसिद्ध पाया और आजीवन कारावास तथा 15 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ