पंडित जी रामलीला समिति का ऐतिहासिक भरत मिलाप धूमधाम से संपन्न, भव्य लाग और झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र

दीपक श्रीवास्तव 

पंडित जी रामलीला समिति का ऐतिहासिक भरत मिलाप धूमधाम से संपन्न, भव्य लाग और झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र


चारों भाइयों के भावपूर्ण मिलन को देख नम हुईं लोगों की आंखें, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा नगर



जौनपुर। पंडित जी रामलीला समिति की ओर से आयोजित ऐतिहासिक भरत मिलाप शुक्रवार की देर रात बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। भगवान श्रीराम और भरत सहित चारों भाइयों के भावपूर्ण मिलन का दृश्य देखकर श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। जय श्रीराम के गगनभेदी जयकारों और पुष्पवर्षा से पूरा वातावरण राममय हो उठा।

भरत मिलाप की भव्य शोभायात्रा नगर के अहियापुर से हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई। शोभायात्रा में नगर के साथ ही सीमावर्ती जिलों से आईं आकर्षक लाग-झांकियां और विशालकाय डीजे लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। शोभायात्रा सुतहट्टी बाजार, सब्जी मंडी, कोतवाली चौराहा, चहारसू चौराहा और शाही पुल होते हुए ओलन्दगंज स्थित राम-भरत मिलाप मंच पर पहुंची।

ओलन्दगंज में भगवान श्रीराम और भरत के मिलन का साक्षी बनने के लिए सड़क के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। लोग हाथों में फूल लेकर इस ऐतिहासिक पल का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। भोर में जैसे ही भगवान श्रीराम का पुष्पक विमान रूपी रथ मिलाप स्थल के निकट पहुंचा, भरत और शत्रुघ्न 14 वर्षों के विरह को सहन नहीं कर सके। दोनों नंगे पांव दौड़कर अपने बड़े भाई श्रीराम से लिपट गए। इसके बाद चारों भाइयों का मिलन हुआ तो उनकी आंखों से अश्रुधारा बहने लगी। इस मार्मिक दृश्य को देखकर वहां मौजूद श्रद्धालु भी भावुक हो उठे। लोगों ने पुष्पवर्षा कर जय श्रीराम के जयकारे लगाए।

चारों भाइयों का यह मिलन प्रेम, त्याग, समर्पण और भाईचारे का संदेश देता रहा। कार्यक्रम के अंत में शोभायात्रा में शामिल आकर्षक लाग-झांकियों, बनारस से आई मां काली की भव्य मुखौटा झांकी तथा जौनपुर की झांकियों को पुरस्कृत कर सम्मान पत्र प्रदान किया गया।

पंडित जी रामलीला समिति के अध्यक्ष ने ऐतिहासिक भरत मिलाप को सकुशल संपन्न कराने में सहयोग के लिए जिला प्रशासन, नगर पालिका परिषद और सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ