राम-केवट संवाद सुन भाव-विभोर हुए दर्शक, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा पंडाल


दीपक श्रीवास्तव 

राम-केवट संवाद सुन भाव-विभोर हुए दर्शक, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा पंडाल

178 वर्ष पुरानी गोपीपुर की रामलीला में राम-केवट संवाद, सीता हरण और सुग्रीव मित्रता का हुआ भावपूर्ण मंचन

जौनपुर, 27 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के सिरकोनी ब्लॉक अंतर्गत गोपीपुर (कजगांव) में 178 वर्षों से आयोजित हो रही ऐतिहासिक बुढ़वा बाबा रामलीला समिति के तत्वावधान में सोमवार रात राम-केवट संवाद, मारीच द्वारा सीता हरण और भगवान राम-सुग्रीव मित्रता की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। राम-केवट संवाद के मार्मिक प्रसंग ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। वहीं, जय श्रीराम के जयकारों से पूरा पंडाल भक्तिमय हो उठा।

रामलीला का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व एसपी राममोहन सिंह और ग्राम प्रधान आरती अखिलेंद्र सिंह ने फीता काटकर तथा भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता की आरती उतारकर किया। इस अवसर पर राममोहन सिंह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को भगवान राम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए और सदैव सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए।

मंचन के दौरान वनवास के समय भगवान राम और केवट के बीच हुए संवाद ने दर्शकों को भावुक कर दिया। केवट का संवाद, ‘मांगी नाव न केवट आना, कहहुं तुम्हारा मरम न हम जाना’ सुनकर पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

लीला के अनुसार, राजा दशरथ द्वारा कैकेयी को दिए गए वचनों को पूरा करने के लिए भगवान राम वनगमन स्वीकार कर लेते हैं। माता सीता और लक्ष्मण के साथ अयोध्या से निकलने के बाद वे सुमंत को वापस भेज देते हैं और पैदल चलते हुए नदी तट पर पहुंचते हैं। नदी पार कराने के लिए केवट को बुलाया जाता है। भगवान राम को पहचानने के बाद केवट उनके चरण धोए बिना नाव पर बैठाने से इनकार कर देता है। वह कहता है कि यदि उनके चरणों का स्पर्श पाकर उसकी नाव भी किसी स्त्री में बदल गई तो उसका जीवनयापन कैसे होगा। भगवान राम की सहमति मिलने पर केवट उनके चरण पखारता है और फिर नाव से नदी पार कराता है। इस प्रसंग का मंचन देखकर दर्शकों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए।

दूसरे दृश्य में रावण द्वारा माता सीता के हरण और उन्हें बचाने के लिए जटायु के साथ हुए युद्ध का मंचन किया गया। इस दृश्य ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इसके साथ ही भगवान राम और सुग्रीव की मित्रता का प्रसंग भी प्रस्तुत किया गया।

रामलीला का संचालन अमित सिंह जुगनू ने किया। इस मौके पर समिति के प्रबंधक संतोष सिंह दादा, डायरेक्टर मनोज सिंह महाजन, उप डायरेक्टर सूर्यभान सिंह लुटूर, अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान आरती अखिलेश सिंह, उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह सत्तू, संरक्षक रविंद्र बहादुर सिंह पप्पू, शिवशंकर सिंह बचानू, अजय सिंह, हरिकेश सिंह, राय साहब, संजू गुप्ता, धीरज धनेजा, अनिल सिंह, टोनू सिंह, विभु, शिवा सिंह, रजनीश चौबे, अनुज सिंह, भीम यादव, शैलेश यादव, विपिन सिंह पिंटू और मीडिया प्रभारी प्रभाकर सिंह योगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ