दीपक श्रीवास्तव
प्रेम, सादगी और एकत्व के संदेश के साथ 126 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
सामूहिक विवाह समारोह में सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ने दिया सुखमय दांपत्य जीवन का संदेश
जौनपुर, 30 अक्टूबर । 79वें निरंकारी संत समागम के समापन के बाद समालखा में आयोजित सामूहिक सादा विवाह समारोह में 126 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी की उपस्थिति में आयोजित समारोह में नवदंपतियों ने प्रेम, विश्वास और समर्पण के साथ नए जीवन की शुरुआत की।
समारोह का शुभारंभ पारंपरिक जयमाला और निरंकारी सांझा-हार की रस्म के साथ हुआ। इसके बाद हिंदी में निरंकारी लावों का गायन किया गया। सतगुरु माता जी एवं निरंकारी राजपिता जी ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवृष्टि कर उन्हें आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ने कहा कि पति-पत्नी आपसी प्रेम, विश्वास और तालमेल के साथ वैवाहिक जीवन को सुखमय बनाएं। दोनों एक-दूसरे की जिम्मेदारियों को समान रूप से निभाएं और जीवन की हर परिस्थिति में एक-दूसरे का सहारा बनें। उन्होंने क्षमा, विनम्रता, आदर और समर्पण को मजबूत दांपत्य जीवन का आधार बताया। साथ ही सेवा, सुमिरन और सत्संग के मार्ग पर मिलकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
संत निरंकारी मंडल के सचिव जोगिन्दर सुखीजा ने बताया कि समाज कल्याण विभाग के सहयोग से आयोजित समारोह में बिहार, उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों और ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड तथा कनाडा से आए जोड़ों ने विवाह किया। विभिन्न भाषा और संस्कृतियों के 126 जोड़ों का एक साथ विवाह एकता, समानता और भाईचारे का संदेश बना।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें