नाली, सड़क, जलभराव और पार्कों की बदहाली को लेकर सपा महिला सभा ने किया प्रदर्शन

दीपक श्रीवास्तव 
नाली, सड़क, जलभराव और पार्कों की बदहाली को लेकर सपा महिला सभा ने किया प्रदर्शन
जिलाध्यक्ष उषा जायसवाल के नेतृत्व में महिलाओं ने जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, नगर पालिका पर लगाया लापरवाही का आरोप

जौनपुर, 11 सितंबर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष उषा जायसवाल के नेतृत्व में शुक्रवार को दर्जनों महिलाओं ने नगर पालिका परिषद क्षेत्र की बदहाल व्यवस्थाओं के खिलाफ प्रदर्शन किया। महिलाओं ने शहर में नाली, पेयजल, सड़क, जलभराव, साफ-सफाई और पार्कों की खराब स्थिति का मुद्दा उठाते हुए जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।

जिलाध्यक्ष उषा जायसवाल ने कहा कि सद्भावना पुल के पास गोपीघाट पर महिलाओं के लिए बनाए गए चेंजिंग रूम और शौचालय की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि चेंजिंग रूम में लोग शौचालय के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। घाट पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। शौचालय अक्सर बंद रहता है और वहां लाइट व पानी की भी समुचित व्यवस्था नहीं है।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी से जानकारी लेने पर पता चला कि नमामि गंगे योजना के तहत निर्माण कराने वाली संस्था ने अभी तक इस परिसर को नगर पालिका को हस्तांतरित नहीं किया है।

सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष ने शहर के पार्कों की बदहाली का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जिला जेल के पास स्थित कवि श्रीपाल छेम पार्क और पॉलिटेक्निक स्थित लोहिया पार्क में बड़ी-बड़ी घास और सरपत उग आए हैं। कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था खराब है और कुछ बिजली के खंभे गिरे पड़े हैं। पार्कों में पेयजल और बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।

उन्होंने कहा कि हल्की बारिश में ही शहर की कई सड़कों पर जलभराव हो जाता है। नालियां टूटी होने के साथ ही गंदगी से पटी हैं और मोहल्लों में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। कई गलियों में स्ट्रीट लाइट के बल्ब खराब हैं या जलते नहीं हैं। इन अव्यवस्थाओं से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने नगर पालिका क्षेत्र की समस्याओं का तत्काल समाधान कराने और जिम्मेदार अधिकारियों से जवाबदेही तय करने की मांग की।




कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ