यूपी में कानून व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त, महिलाएं-बेटियां सुरक्षित: रविंद्र जायसवाल

दीपक श्रीवास्तव 
यूपी में कानून व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त, महिलाएं-बेटियां सुरक्षित: रविंद्र जायसवाल
उमानाथ सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे स्टांप एवं पंजीयन मंत्री, सपा पर साधा निशाना

जौनपुर, 14 सितंबर । उत्तर प्रदेश के स्टांप एवं पंजीयन शुल्क मंत्री रविंद्र कुमार जायसवाल ने रविवार को जौनपुर में पूर्व मंत्री एवं अमर शहीद उमानाथ सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि उमानाथ सिंह का राजनीतिक और सामाजिक जीवन बेहद शानदार रहा। उनके बताए मूल्यों और आदर्शों पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।
मंत्री ने कहा कि आज की राजनीति में उमानाथ सिंह जैसे मूल्यों और आदर्शों की कमी महसूस होती है। उनके जीवन से समाज और राजनीति में सकारात्मक योगदान की प्रेरणा मिलती है।
प्रदेश की कानून व्यवस्था पर संतोष जताते हुए जायसवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ठीक चल रही है। महिलाएं और बेटियां सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं रात 11 बजे भी बाजार या अपना काम निपटाकर सुरक्षित घर लौट रही हैं। कानून व्यवस्था बेहतर होने का सबसे बड़ा श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जाता है।
जौनपुर में हाल में हुई हत्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के सवाल उठाने पर मंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यदि कहीं हत्या हो रही है तो अपराधियों को बख्शा नहीं जा रहा है और पुलिस कार्रवाई कर रही है। उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय हत्यारों को राजनीतिक संरक्षण मिलता था। आज हत्या करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होती है और उन्हें कानून के शिकंजे से बचने का मौका नहीं मिलता।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ