दीपक श्रीवास्तव
काव्य गोष्ठी में कवियों ने अपनी रचनाओं से बांधा समां, तालियों से गूंजा सभागार
रामनगर, 25 अगस्त। रामनगर विधानसभा क्षेत्र के नगर में हास्य कवि प्रमोद पंकज के संयोजन में ‘संख सेवा साहित्य संस्थान’ नामक साहित्यिक समिति का गठन किया गया। इस अवसर पर देवी प्रसाद की अध्यक्षता में काव्य गोष्ठी का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन कवि हरिहर दत्त पाण्डेय ने किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज श्रीवास्तव और विशिष्ट अतिथि मुदित प्रकाश अवस्थी रहे। अतिथियों ने साहित्यिक गतिविधियों को समाज में सकारात्मक वातावरण और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देने का माध्यम बताया। उन्होंने साहित्यकारों और कवियों को अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज को नई दिशा देने के लिए प्रेरित किया।
काव्य गोष्ठी में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कवियों ने हास्य, व्यंग्य, सामाजिक सरोकार और अन्य विधाओं में अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। मनोज मिश्रा ‘शीत’, जगन्नाथ ‘निर्दोष’, डॉ. शर्मेश शर्मा, शिवेश राजा, प्रमोद पंकज, हरिहर दत्त पाण्डेय, राघवेंद्र तिवारी, नागेंद्र सिंह, सुनील ‘झंझटी’ और विशाल मिश्रा समेत अन्य कवियों ने अपनी विशेष प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मन मोह लिया।
कवियों की रचनाओं पर श्रोताओं ने जमकर तालियां बजाईं। हास्य और व्यंग्य से भरपूर प्रस्तुतियों के दौरान सभागार में कई बार ठहाके गूंजे। श्रोताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से कवियों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजकों ने कहा कि साहित्यिक समिति के गठन का उद्देश्य क्षेत्र में साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देना और रचनाकारों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। समिति के माध्यम से समय-समय पर काव्य गोष्ठी, साहित्यिक परिचर्चा और अन्य रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में व्यापार मंडल अध्यक्ष रविकांत पाण्डेय, पवन ओझा, योगेन्द्र गुप्ता, बिन्द्रा वर्मा, अंकित शर्मा, अभिषेक श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान साहित्य प्रेमियों और श्रोताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें