पीयू में फिर लागू हुआ छह दिवसीय कार्य सप्ताह

दीपक श्रीवास्तव 
पीयू में फिर लागू हुआ छह दिवसीय कार्य सप्ताह
शैक्षणिक कार्य और परीक्षाएं समय पर कराने के लिए कुलपति ने लिया निर्णय, सुबह 10 बजे से शुरू होंगे शिक्षण व कार्यालय कार्य

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने और छात्र हित को ध्यान में रखते हुए छह दिवसीय कार्य सप्ताह की व्यवस्था एक बार फिर लागू कर दी गई है। कुलपति प्रो. आरके सिंह के आदेश पर विश्वविद्यालय में पूर्व की कार्य व्यवस्था तत्काल प्रभाव से बहाल की गई है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव की ओर से जारी आदेश के अनुसार अब विश्वविद्यालय के शिक्षण कार्य और कार्यालय सुबह 10 बजे से संचालित होंगे। वहीं शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए भोजनावकाश का समय दोपहर 1:30 बजे से 2 बजे तक निर्धारित किया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक आगामी शैक्षणिक सत्र के पठन-पाठन और परीक्षाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। नई व्यवस्था के लागू होने से विश्वविद्यालय के प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्यों में नियमितता बनाए रखने पर जोर रहेगा।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 16 मई 2026 को जारी पूर्व आदेश को नए आदेश की सीमा तक संशोधित माना जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को नई व्यवस्था के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ