डीएम ने 32 विभूतियों को प्रदान किया राष्ट्र गौरव अवार्डएसकेएफआई के राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह में नौ अन्य प्रतिभाओं को भी मिला सम्मान

दीपक श्रीवास्तव 
डीएम ने 32 विभूतियों को प्रदान किया राष्ट्र गौरव अवार्ड
एसकेएफआई के राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह में नौ अन्य प्रतिभाओं को भी मिला सम्मान
बिलासपुर, 25 अगस्त। भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग हिमाचल प्रदेश के तत्वावधान में समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसकेएफआई) का नौवां राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह बिलासपुर में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि उपायुक्त (डीएम) आईएएस राहुल कुमार ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए 32 विभूतियों को ‘राष्ट्र गौरव’ अवार्ड और नौ अन्य प्रतिभाओं को ‘राष्ट्रीय प्रतिभा’ सम्मान प्रदान किया।
समारोह का शुभारंभ डीएम राहुल कुमार, एसकेएफआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन, विशिष्ट अतिथि कर्नल (सेवानिवृत्त) जसवंत सिंह चंदेल और जिला भाषा अधिकारी नीलम चंदेल ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अभिजीत कुमार, राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष राम स्वरूप भटनागर और बिहार प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. विद्या भूषण श्रीवास्तव बतौर अतिथि मौजूद रहे।

हिमाचल प्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष ललिता कश्यप और बिलासपुर जिलाध्यक्ष सुभाष गुप्ता ने सभी अतिथियों का हिमाचली टोपी और शॉल पहनाकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

मुख्य अतिथि डीएम राहुल कुमार ने सभी 41 सम्मानित प्रतिभाओं को बधाई देते हुए कहा कि प्रतिभाओं और समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किए जाने से दूसरे लोगों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जिला भाषा अधिकारी नीलम चंदेल ने एसकेएफआई के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाली प्रतिभाओं को मंच और सम्मान देना सराहनीय पहल है। विशिष्ट अतिथि कर्नल जसवंत सिंह चंदेल ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम से पूर्व कई लोगों ने एसकेएफआई की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष ललिता कश्यप ने प्रदेश और जिला कार्यकारिणी की घोषणा की। नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संस्था के सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। संगठन ने हिमाचल प्रदेश के अन्य जिलों में भी जल्द इकाइयां गठित करने की बात कही।

कार्यक्रम का संचालन रविन्द्र कुमार शर्मा ने किया। आयोजक एवं प्रदेश अध्यक्ष ललिता कश्यप ने सभी सहयोगियों को धन्यवाद देते हुए अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में साहित्यकारों, कवियों और समाजसेवियों ने एसकेएफआई के कार्यों पर अपने विचार रखे। महिला मंडल की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने भी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा, कला-संस्कृति, सेना, पुलिस और पत्रकारिता क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सम्मान समारोह में प्रतिभाओं को मिले सम्मान से पदाधिकारियों और सदस्यों में उत्साह देखने को मिला।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ