BSNL की ‘भारत नेट उद्यमी योजना’ से युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार का मौका, डेढ़ लाख के निवेश से शुरू कर सकेंगे कारोबार

दीपक श्रीवास्तव 
BSNL की ‘भारत नेट उद्यमी योजना’ से युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार का मौका, डेढ़ लाख के निवेश से शुरू कर सकेंगे कारोबार

जौनपुर। भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से ‘भारत नेट उद्यमी योजना’ की शुरुआत की है। इस योजना के तहत इच्छुक युवा कम पूंजी निवेश के साथ अपना व्यवसाय शुरू कर सकेंगे और ग्रामीण क्षेत्रों में ब्रॉडबैंड सेवाओं का विस्तार करते हुए आय अर्जित कर सकेंगे।
प्रचालन प्रमुख, BSNL जौनपुर अंकुर तिवारी ने बताया कि योजना के शुरुआती चरण में लगभग 1.5 लाख रुपये के न्यूनतम निवेश की आवश्यकता होगी। योजना से जुड़ने वाले उद्यमियों का मुख्य कार्य ग्रामीण क्षेत्रों में नए उपभोक्ताओं को BSNL की ब्रॉडबैंड सेवाओं से जोड़ना होगा। इसके बदले विभाग की ओर से आकर्षक भुगतान की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि भारत नेट उद्यमी योजना का उद्देश्य युवाओं को उनके गृह जनपद में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे स्थानीय स्तर पर आजीविका चला सकें और ग्रामीण क्षेत्रों से शहरों की ओर होने वाले पलायन को भी कम किया जा सके।
सुल्तानपुर व्यापार क्षेत्र के प्रधान महाप्रबंधक रमाशंकर राम ने इस योजना को युवाओं के लिए स्वरोजगार का सुनहरा अवसर बताते हुए अधिक से अधिक युवाओं से इसका लाभ उठाने की अपील की। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी BSNL कार्यालय, जौनपुर में कार्यरत अवर दूरसंचार अधिकारी अनिल कुमार से मोबाइल नंबर 9453105033 पर संपर्क कर सकते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ