Deepak srivastava
एक यूनिट रक्त तीन लोगों को दे सकता है नया जीवन, रक्तदान को बताया महादान:जिलाधिकारी
रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची सेवा: मनीष नारायण चौरसिया
जौनपुर। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, जौनपुर इकाई के तत्वावधान में जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता करते हुए रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन, सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता और रेडक्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारी, सदस्य तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे बड़ा कोई दान नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से किसी प्रकार की शारीरिक कमजोरी या हानि नहीं होती, बल्कि यह एक ऐसा पुनीत कार्य है जिससे जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिलता है। उन्होंने बताया कि एक यूनिट रक्त से तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है। जिलाधिकारी ने युवाओं एवं समाज के सभी सक्षम लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी जौनपुर इकाई के सचिव डॉ. मनोज वत्स ने रक्तदान की उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि दुर्घटना, ऑपरेशन, प्रसव तथा गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए रक्त जीवनदायिनी भूमिका निभाता है।
रेडक्रॉस सोसाइटी के सक्रिय सदस्य मनीष नारायण चौरसिया ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची सेवा है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में कई ऐसे मरीज होते हैं जिनका जीवन समय पर रक्त उपलब्ध होने पर ही बचाया जा सकता है। ऐसे में प्रत्येक स्वस्थ नागरिक का दायित्व है कि वह रक्तदान के लिए आगे आए। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से न केवल किसी जरूरतमंद को जीवन मिलता है, बल्कि समाज में परस्पर सहयोग और संवेदनशीलता की भावना भी मजबूत होती है। मनीष नारायण चौरसिया ने युवाओं से विशेष रूप से रक्तदान अभियान से जुड़ने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। शिविर के दौरान रक्तदान के महत्व पर विस्तृत चर्चा की गई तथा उपस्थित लोगों को स्वेच्छा से रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान ऐसा दान है जो सीधे किसी व्यक्ति के जीवन को बचाने में सहायक बनता है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने रक्तदान को मानव सेवा का सर्वोत्तम माध्यम बताते हुए समाज के अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सीएमएस डॉ. संजय कनोजिया, डॉ. सैफ खान, अवनीश प्रताप सिंह, नेहा सिंह, मनीष नारायण चौरसिया, नीतेश श्रीवास्तव, डॉ. मनीष, अरविंद सिंह, डॉ. संदीप पाण्डेय, विधाधर राय विद्यार्थी, साकेत प्रधान, विकास, संदीप, हितेश, विवेक, रवि सहित रेडक्रॉस सोसाइटी के अनेक सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा स्वैच्छिक रक्तदान को जनआंदोलन का स्वरूप देना रहा।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें