दीपक श्रीवास्तव
पूर्वांचल विश्वविद्यालय: गोल्ड मेडल प्राप्तकर्ताओं की अनंतिम सूची जारी
30वें दीक्षांत समारोह के लिए, 20 जुलाई तक दर्ज कराएं आपत्ति
जौनपुर,17 जुलाई । यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने अपने 30वें दीक्षांत समारोह-2026 के लिए विभिन्न विषयों एवं पाठ्यक्रमों में गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं की अनंतिम सूची शुक्रवार को जारी कर दी है। यह सूची विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड की गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए
परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि यह सूची परीक्षा समिति की 09 जुलाई 2026 को हुई बैठक में लिए गए निर्णय के बाद प्रकाशित की गई है। यदि किसी छात्र या छात्रा को सूची में दिए गए नाम, अनुक्रमांक, प्राप्तांक या किसी अन्य विवरण पर आपत्ति है, तो वे 20 जुलाई 2026 को शाम 5:00 बजे तक परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में लिखित आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
आपत्ति दर्ज कराने के लिए छात्रों को अपने साक्ष्य और प्रमाण भी प्रस्तुत करने होंगे। अभ्यर्थी अपना प्रत्यावेदन ई-मेल examcontroller18219@gmail.com पर भी भेज सकते हैं।
परीक्षा नियंत्रक ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त होने वाली किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। इसलिए, संबंधित छात्र-छात्राओं से अनुरोध है कि वे समय रहते अपनी आपत्तियां और आवश्यक अभिलेख जमा करा दें।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें