दीपक श्रीवास्तव
जौनपुर में टीईटी शुरू: 23 केंद्रों पर 56,882 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, कड़ी सुरक्षा के बीच पहले दिन 10,461 परीक्षार्थी शामिल
जौनपुर। जनपद में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) गुरुवार से कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शुरू हो गई। तीन दिवसीय परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को जिले के 23 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। इस दौरान कुल 56,882 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। पहले दिन पहली पाली में 10,461 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। जूते, मोजे, शर्ट की बाहें और कॉलर तक की तलाशी ली गई। वहीं, पानी की बोतल ले जाने की अनुमति देने से पहले उस पर लगे रैपर को हटाकर जांच की गई, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।
जिला प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। परीक्षा 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगी। 4 जुलाई को परीक्षा केवल एक पाली में कराई जाएगी। प्रत्येक पाली में लगभग 10 से 11 हजार अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
जिलाधिकारी ने परीक्षा से पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए 23 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 23 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 5 आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट और 8 आरक्षित स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने केंद्र अधीक्षकों को आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के साथ अभ्यर्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें