चार वर्षीय बच्ची हत्याकांड का छह घंटे में खुलासा, नामजद आरोपी साहबलाल निषाद गिरफ्तार

दीपक श्रीवास्तव 
चार वर्षीय बच्ची हत्याकांड का छह घंटे में खुलासा, नामजद आरोपी साहबलाल निषाद गिरफ्तार
जौनपुर। यूपी के जौनपुर में जफराबाद थाना क्षेत्र के धनेजा गांव में सोमवार सुबह चार वर्षीय बच्ची की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने छह घंटे के भीतर खुलासा करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव एवं क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता ने ने आरोपी साहबलाल निषाद (42) पुत्र भोलानाथ निषाद, निवासी ग्राम धनेजा, थाना जफराबाद को गिरफ्तार किया।इस मामले में जानकारी लेने पर सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता ने बताया कि मृतका के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर में आरोपी को नामजद किया गया था। पूछताछ में परिजनों ने बताया कि घटना वाले दिन आरोपी को बच्ची से बातचीत करते और देर रात उसके आसपास देखा गया था। ग्रामीणों से पूछताछ में यह भी जानकारी मिली कि आरोपी नशे का आदी है तथा उसकी गतिविधियों से परेशान होकर उसकी पत्नी बच्चों के साथ गुजरात में रह रही है। वह गांव में अकेला रहता था।
पुलिस का दावा है कि हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसके खिलाफ जफराबाद थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज मुकदमे में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है और उसके विरुद्ध पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले के त्वरित खुलासे पर पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि प्रकरण में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ