हीट वेव को लेकर डीएम सख्त, गौशालाओं में चारा-पानी और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

दीपक श्रीवास्तव 
हीट वेव को लेकर डीएम सख्त, गौशालाओं में चारा-पानी और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

जौनपुर, 24 मई।।यूपी के जौनपुर में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक शनिवार रात कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जनपद में संचालित समस्त गो आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए सभी गौशालाओं में गोवंशों के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गोवंशों को नियमित संतुलित आहार, पर्याप्त मात्रा में ताजा पानी तथा हरे चारे की उपलब्धता हर हाल में बनी रहनी चाहिए।
बैठक में दान एवं क्रय के माध्यम से संग्रहित भूसे के समुचित उपयोग और सुरक्षित भंडारण पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी गौशालाओं में अभिलेख निर्धारित प्रारूप में पूर्ण रूप से भरे जाएं और नियमित रूप से अपडेट किए जाएं।
उन्होंने पशु चिकित्सा अधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से गौशालाओं का निरीक्षण करें और सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही गौ आश्रय स्थल पोर्टल पर सभी सूचनाएं समय से अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए।
डीएम ने कहा कि चारागाह की भूमि पर नेपियर घास एवं अन्य मौसमी हरे चारे की बुवाई कराई जाए, ताकि गोवंशों को पर्याप्त हरा चारा मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी गौशाला में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) परमानंद झा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ओ.पी. श्रीवास्तव, समस्त उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी सहित विभिन्न एनजीओ और एफपीओ के गौशाला संचालक उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ